सिद्धार्थनगर। जिले में 100 करोड़ रुपये से डुमरियागंज में भंडरिया-बढ़नी चाफा, बांसी में बांसी-मिठवल और इटवा में बढ़या-गौरा बाजार मार्ग के निर्माण से कुल 33.30 किलोमीटर सड़क नेटवर्क को बेहतर किया जाएगा। इससे पांच लाख आबादी की राह आसान हो जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांसी में विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान ही तीन नई सड़कों के निर्माण कराने की घोषणा की थी। जिसका अनुपालन कराए जाने के तहत शासन स्तर पर इन सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद की ओर प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन को भेजे पत्र में कार्रवाई संबंधी जानकारी दी गई है।
विधानसभा क्षेत्र डुमरियागंज में भड़रिया-बढ़नीचाफा मार्ग पर लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से 10 किलोमीटर लंबाई में निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह बांसी विधानसभा क्षेत्र में बांसी से मिठवल मार्ग ( किलकिल चौराहे से पाला संपर्क मार्ग) का लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत 8.30 किलोमीटर लंबाई में निर्माण होना है। वहीं, इटवा विधानसभा क्षेत्र में बढ़या-गौरा बाजार मार्ग का करीब 15 किलोमीटर लंबाई में निर्माण कराया जाएगा। शासन ने तीनों नवीन घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को कहा है ताकि मुख्यमंत्री द्वारा परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा सके।