सिद्धार्थनगर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार देर शाम को मतदाता सूची में व्यापक धांधली का आरोप लगाते हुए वोट चोर गद्दी छोड़ मशाल जुलूस निकाला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हाईडिल तिराहा से सिद्धार्थ चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग व भाजपा की केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए शहर के मुख्य मार्ग पर भ्रमण किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद, जावेद मुकीम, अनिल सिंह अन्नू, रंजना मिश्रा, देवेंद्र कुमार गड्डू, सादिक अहमद आदि मौजूद रहे।