: बांसी तहसील क्षेत्र की पिड़वा-दुभरा मार्ग के बदहाली पर आंदोलन
बांसी। तहसील क्षेत्र की पिड़वा-दुभरा मार्ग के बदहाली पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को हेमंत चौधरी के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क के मरम्मत की मांग को लेकर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार महबूब आलम को ज्ञापन सौंपा।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता हेमंत चौधरी ने कहा कि खुटेहना से पिड़वा-दुभरा मार्ग की हालत बद से बदतर है। इस सड़क की गिट्टी उखड़ चुकी है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिस पर चलना दूभर है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क केवल आवागमन का रास्ता नहीं बल्कि क्षेत्र के हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा सवाल है।
खराब मार्ग के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। धरने की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने ज्ञापन लिया तब जाकर धरना समाप्त हुआ। इसके बाद हेमंत चौधरी ने कहा कि अक्तूबर माह के अंत तक सड़क का निर्माण नहीं शुरू हुआ तो नवंबर में बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में लालेंद्र चौधरी, सूर्य प्रकाश चौधरी, यार मोहम्मद, सुभाष, प्रदीप भारती, फूलचंद आदि मौजूद रहे।