- संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर रहेगी विशेष नजर, अराजक तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश
शोहरतगढ़। विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को सीओ मयंक कुमार द्विवेदी ने सर्किल के थानाध्यक्षों, थाना प्रभारियों, चुनाव प्रभारियों और सेक्टर प्रभारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
सीओ मयंक कुमार द्विवेदी ने कहा कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। क्षेत्र में सक्रिय अराजक और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय बनाए रखें। चुनाव से जुड़ी सूचनाओं का समय से आदान-प्रदान करें और क्षेत्र की गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखें। बैठक में मतदान केंद्रों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती को लेकर भी चर्चा की गई।
इस दौरान शोहरतगढ़ थाना प्रभारी अरविंद शर्मा, चिल्हिया थाना प्रभारी पवन मौर्य सहित सर्किल के संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।