डुमरियागंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के भड़रिया गांव में पानी से भरे गड्ढे में गिरकर नौ माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। गड्ढा धुलाई सेंटर के लिए खोदा गया था। खेलते समय बच्ची उसमें गिर गई। परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, भड़रिया नहर पुल निवासी अखिलेश के घर पर ही धुलाई की दुकान है। दुकान से निकलने वाला पानी एकत्र करने के लिए घर के पास ही गड्ढा खोदा गया था।
बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे अखिलेश की नौ माह की बेटी सिद्धि घर के पास खेलते समय अचानक लापता हो गई। बच्ची दिखाई नहीं देने पर मां और चाचा ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह पानी से भरे गड्ढे में मिली।
परिजन आनन-फानन में भड़रिया स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिद्धि चार बहनों में सबसे छोटी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जुट गए। मासूम की मौत से गांव में शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भवानीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जानकारी कराई जाएगी। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।