सिद्धार्थनगर। देवोत्थान एकादशी से सहालग की शुरुआत हो गई है। इसके बाद से बाजारों में रौनक दिखने लगी है। खरीदारी को लेकर लोग उमड़े पड़े हैं। महिलाएं फैंसी बनारसी साड़ी, लहंगा चुन्नी के साथ-साथ सिलिकॉन की साड़ी खरीद रहीं है। खुद के साथ-साथ परिवार के लिए भी खरीदारी की जा रही है।
दिवाली एवं भाई दूज के बाद बाजार में अब सहालग की खरीदारी शुरू हो गई। किसी के घर परिवार में शादी होने के कारण खरीदारी कर रहा है तो कोई शादी में शामिल होने के लिए कपड़ों के साथ ज्वेलरी खरीद रहा है। इससे रविवार को बाजार में भीड़ दिखाई दी। महिलाएं इन दिनों सिलिकॉन के साथ-साथ फैंसी बनारसी साड़ी को खरीद रहीं है। सिद्धार्थ चौक के कपड़े वाली गली में अधिकांश दुकानों पर यही स्थिति देखने को मिली। दुकानदार शिवम ने कहा कि महिलाएं फैंसी साड़ी अधिक पसंद कर रही है। युवतियों को लहंगा-चुन्नी पसंद आ रही है। कपड़ों के साथ ही साथ बर्तन, ज्वेलरी और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर चहल-पहल काफी बढ़ गई है।