- विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्रों को मिला लाभ, विभागों ने दी जानकारी
सिद्धार्थनगर। लोहिया कला भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मेगा व बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव तृतीय की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में दिव्यांगजनों को कान की मशीन और ट्राइसाइकिल वितरित की गई। पांच दिव्यांगजनों को दिव्यांग पेंशन प्रमाणपत्र भी दिए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित ओ-लेवल कंप्यूटर कोर्स पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। वहीं, नौगढ़, बांसी और इटवा तहसीलों के स्वामित्व (घरौनी) योजना के लाभार्थियों को भी प्रमाणपत्र दिए गए। साथ ही निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाओं, श्रमिकों और अनुसूचित जनजाति के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक और प्रमाणपत्र वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग की वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिए गए। एसबीआई की ऋण योजना के लाभार्थियों और शोहरतगढ़ तहसील के बाढ़ आपदा राहत के पात्रों को भी लाभान्वित किया गया। डूडा की ओर से पीएम स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थियों को भी योजना का लाभ दिया गया।
मत्स्य विभाग की ओर से प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषाद राज वोट योजना, मत्स्य पालक कल्याण कोष, मोपेड विद आइस बॉक्स योजना और सघन मत्स्य पालन के लिए एयरेशन सिस्टम की स्थापना से संबंधित प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
इस दौरान पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण अरविंद राय, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अखिलेश पांडेय, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद रफी, विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट त्रिभुवन नाथ, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत वीरेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।