सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के रसायन विज्ञान विभाग ने दक्षिण कोरिया के कोर उद्योग अनुसंधान संस्थान के साथ मिलकर सौर और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।
विभाग के अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मण सिंह और उनकी शोध टीम ने एक ऐसा खास पदार्थ विकसित किया है, जो हाइड्रोजन फ्यूल सेल और सुपरकैपेसिटर की क्षमता को कई गुना बढ़ा देगा। यह पदार्थ पर्यावरण-अनुकूल, कम लागत वाला और अत्यधिक प्रभावी सिरेमिक पदार्थ है।
यह शोध कार्य विश्व-प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय जर्नल जर्नल ऑफ द अमेरिकन सिरेमिक सोसाइटी (क्यू1, शीर्ष जेसीआर जर्नल) में प्रकाशित हुआ है, जिसे सिरेमिक विज्ञान के क्षेत्र की अग्रणी पत्रिका माना जाता है।
डॉ. लक्ष्मण सिंह और उनकी टीम ने स्ट्रॉन्शियम-डोप्ड लैंथेनम निकलैट पेरोव्स्काइट नामक उन्नत पदार्थ का निर्माण किया है, जिसे वन-पॉट इंस्टेंट फ्लेम सिंथेसिस की तकनीक से तैयार किया गया है।