सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के मुडिला गांव निवासी गणेश की मौत की गुत्थी उलझ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। शरीर पर कोई चोट के निशान भी नहीं मिले और न ही कोई ऐसा पदार्थ पाया गया है जो मौत की वजह बन सके। ग्रामीणों के प्रदर्शन और भाई की तहरीर के बाद पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अब विसरा रिपोर्ट का इंतजार है।
जानकारी के अनुसार, शहर के मुडिला गांव निवासी गणेश लोधी (40) पुत्र दशरथ अपनी पत्नी कलावती के साथ खेत गया था। वहां संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई थी। दंपती के बीच में रिश्ते को लेकर पहले से बनी दरार और पति की ओर से जान के खतरे की आशंका जताते हुए दो बार पुलिस को तहरीर दी गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। आए दिन होने वाले विवाद के बाद मृतक के भाई और ग्रामीण पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग शुरू की।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी लेकिन शाम को परिजन और ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज के सामने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद पत्नी और कथित सहयोगी पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग पर अड़ गए।
लगभग 40 मिनट चले बवाल के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार छोड़ पत्नी और सहयोग राम सुंदर तिवारी पर हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या जैसा कोई प्रमाण नहीं मिला और न तो किसी प्रकार की अंदरूनी चोट की बात सामने आई है।
शहर कोतवाल मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने से विसरा जांच को भेजा गया है।