जोगिया। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बकुआंव गांव में सोमवार देर शाम को लेकर दो पटीदारों में पुरानी जमीन की रंजिश को लेकर विवाद में हुई मारपीट में जमकर लाठी-डंडे चले।
मारपीट की इस वारदात में एक पक्ष के रामाकांत (32), राजेश (35), गंगाराम (40), रामदीन (32), और दूसरे पक्ष के बुधई (55), लाल बचन (42), कमलेश (35) घायल हो गए। सात लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को घायल को मेडिकल काॅलेज सिद्धार्थनगर पहुंचाया।
चिकित्सकों ने दो की हालत गंभीर देखते बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर 15 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के बकुआंव गांव निवासी रामाकांत यादव घर के किनारे खेत की जोताई कर रहा था। परिवारों के बीच पुरानी जमीन की रंजिश है, जिसका विवाद पहले से चल रहा है।
आरोप है कि इसी बात को लेकर सोमवार देर शाम को बुधई के परिवार वाले गाली दे रहे थे। रामाकांत के परिवार वालों ने गाली देने का कारण पूछा तो दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। मामला बढ़ गया। रामाकांत के परिवार वालों का आरोप है कि बुधई के परिवार वालों ने उनपर लाठी-डंडे और हथियार से हमला कर दिया।
इस मारपीट में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल काॅलेज पहुंचाया। इसमें चिकित्सकों ने दो रामाकांत और राजेश की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मीरा चौहान ने बताया कि दो पटीदारों के बीच मारपीट हुई है। मामले में दोनों पक्षों से मिली तहरीर मिली है। इसके आधार पर 15 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया। छानबीन की जा रही है।