सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के ग्राम हल्लौर निवासी एक नवविवाहिता ने रविवार को पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा। इसके जरिये उसने पति रजीउल हसन, ससुर और ननदों की तरफ से दहेज की लालच में मारने-पीटने और जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पुलिस ने पति, ससुर और दो ननदों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
डुमरियागंज पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम हल्लौर निवासिनी रवाब फातिमा ने आरोप लगाया कि उसकी शादी तीन माह पहले गांव के निवासी रजीउल हसन के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही उसे उसके पति व ससुर और दो ननदें कम दहेज लाने का ताना देते हुए 10 लाख रुपये मायके से लाने की डिमांड करने लगीं। इन्कार करने पर उसे उसके पति समेत अन्य ने गोलबंद होकर मारा-पीटा और जान से मारने का प्रयास किया।