- डुमरियागंज थाना क्षेत्र के ग्राम जमौतिया का मामला
डुमरियागंज। थाना क्षेत्र के ग्राम जमौतिया निवासी शहनाज फातिमा ने एसपी से गांव की प्रधान खुशनशीन फातिमा और उनके पति जहीर अब्बास पर जालसाजी सहित अन्य आरोप लगाए। एसपी के निर्देश पर डुमरियागंज पुलिस ने शुक्रवार को केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में शहनाज फातिमा ने आरोप लगाया था कि उसने गांव की अशरफुन्निशा से 14 सितंबर 2018 में भूमि बैनामा लिया था। बाद में आरोपियों ने उसी भूमि के अन्य हिस्सेदारों से क्रय भूमि को गलत चौहद्दी दिखाकर बैनामा करा लिया और जमीन पर जबरदस्ती कब्जा करने लगे। वादी ने 112 डायल सेवा पुलिस को सूचना देकर कब्जे को रुकवाया। वारदात की जानकारी डुमरियागंज पुलिस को दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई, जिनके निर्देश पर डुमरियागंज पुलिस ने जमौतिया की प्रधान खुशनशीन फातिमा और उसके पति जहीर पर जालसाजी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
डुमरियागंज थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर उक्त लोगों पर केस दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।