ककरहवा। नेपाल सीमा से सटे कस्बे में शनिवार को मोहाना पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। सड़क के दोनों तरफ किए गए अतिक्रमण को हटवाया। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी देते हुए भविष्य में अतिक्रमण न करने को कहा गया।
मोहाना थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में मोहाना पुलिस ने शनिवार को ककरहवा कस्बा में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से ककरहवा टैक्सी स्टैंड तक अभियान चला कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त करवाया। व्यापारियों को नेशनल हाईवे के दोनों तरफ बने नाले तक ही दुकान लगाने को कहा। गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी को जोड़ने वाला सबसे नजदीकी बॉर्डर होने के कारण नेपाल जाने वाले अधिकतर वाहन इसी रास्ते से आते-जाते हैं, लेकिन कस्बे में मुख्य सड़क पर किए गए अतिक्रमण के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। पुलिस ने जाम की स्थिति से निपटने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। लोगों को सड़क पर दुकान न लगाने की हिदायत दी। सड़क अतिक्रमण मुक्त होने के बाद लोगों ने पुलिस के पहल की सराहना की।
थानाध्यक्ष मोहाना जितेंद्र सिंह ने कहा कि कस्बे को अतिक्रमण मुक्त रखना हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। सबको इसमें सहयोग करना चाहिए। पुलिस की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।