जय किसान इंटर कॉलेज में छात्राओं का हुआ एचपीवी टीकाकरण, टीबी और संचारी रोगों से बचाव की दी जानकारी
धेंसा। मानसिक तनाव, घबराहट या अवसाद जैसी परेशानी होने पर टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 पर कॉल कर सहायता ली जा सकती है। यह जानकारी शुक्रवार को जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को दी गई। इसमें एचपीवी टीकाकरण, मानसिक स्वास्थ्य, टीबी और डेंगू-मलेरिया सहित संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं से जागरूक रहने और परिवार व आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने की अपील की।
डिप्टी सीएमओ आरपी सिंह ने एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं से टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों में टेली मानस हेल्पलाइन की मदद लेने की जानकारी दी।
डिप्टी सीएमओ डॉ. एके अग्रहरि ने टीबी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि जागरूकता, समय पर जांच और उपचार से इस बीमारी पर नियंत्रण पाने में मदद मिलती है। उन्होंने परिवार और आसपास के लोगों को भी टीबी के लक्षणों तथा बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील चौधरी ने डेंगू, मलेरिया और दिमागी बुखार से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मच्छरों पर नियंत्रण के लिए घर के आसपास पानी जमा न होने दें। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें और पूरे आस्तीन के कपड़े पहनें।
यूनिसेफ की जिला समन्वयक आंचल सिंह ने भी टीकाकरण के महत्व के बारे में बताया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जयराम यादव ने अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए छात्राओं से स्वास्थ्य संबंधी सलाह अपनाने और टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
इस अवसर पर शिक्षक श्यामानंद श्रीवास्तव, नित्यानंद, एएनओ सतीश सिंह, एनसीसी के छात्र और विद्यालय की छात्राएं मौजूद रहीं।