शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ और बढ़नी में रोडवेज बस स्टेशन की मांग लोग लंबे समय से कर रहे हैं। इन जगहों पर बस स्टेशन बनाने के शासन की ओर से हरी झंडी मिल चुकी और जमीन भी स्वीकृति हो गई है। इसके बावजूद अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। बस स्टेशन का काम केवल कागजों तक ही सीमित होकर रह गया है।
शोहरतगढ़ और बढ़नी में अगर रोडवेज बस स्टेशन बन गया होता तो यहां से सीधे लखनऊ, दिल्ली, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, फैजाबाद, पीलीभीत, सीतापुर, बरेली, उत्तराखंड के लिए बस की सुविधा मिलती। इससे यात्रियों को सड़क के किनारे बैठकर बस का इंतजार नहीं करना पड़ता। समय सारणी के अनुसार बस चलने लगती, जिससे यात्रियों का समय बच जाता। रात में बस से उतरने वाले यात्री बस स्टेशन पर ठहरने की सुविधा मिल जाती, लेकिन बस स्टेशन नहीं होने से यात्री परेशान होकर प्राइवेट बस व निजी साधन ने यात्रा करने पर मजबूर हैं। जिससे उनकी जेब पर भी बोझ पड़ता है।
हालांकि पिछले महीने में शोहरतगढ़ व बढ़नी में जमीन चिह्नित कर बस स्टेशन निर्माण के लिए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह स्वीकृति दे दी है, लेकिन अभी तक भूमि पूजन भी नहीं हो पाया है। काम कब शुरू होगा इसकी कोई जानकारी विभाग के पास नहीं है।
शोहरतगढ़ व बढ़नी में बस स्टेशन बनाने के लिए विधायक विनय वर्मा ने तीन साल पहले ही शासन से स्वीकृति कराई थी, लेकिन बस स्टेशन के लिए जमीन नहीं मिलने से परियोजना अधर में लटकी पड़ी थी। जिसको लेकर विधायक विनय वर्मा ने फरवरी में बस स्टेशन के लिए जमीन नहीं मिलने को लेकर मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर तहसील की लापरवाही को अवगत कराया था।
मामले को संज्ञान में लेकर दयाशंकर सिंह ने तत्कालीन डीएम डॉ. राजा गणपति आर से बात कर जल्द जमीन उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया था। एसडीएम ने छह महीने पहले शोहरतगढ़ नगर पंचायत में मेढवा व बढ़नी नगर पंचायत मुडिला में जमीन चिह्नित की थी। जमीन का नक्शा बनाकर शासन को भेज दिया गया।