- त्योहार पर अतिरिक्त फेरा लगाने वाले कर्मियों को मिलेगा प्रोत्साहन भत्ता
- जिले में 200 से अधिक रोडवेज कर्मी को मिलेगा लाभ
सिद्धार्थनगर। परिवहन निगम ने आगामी दीपावली और छठ पूजा के मौके पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की गईं हैं। 18 से 30 अक्तूबर तक चलने वाली इस योजना के तहत डिपो की बसें 24 घंटे सड़कों पर दौड़ेंगी और चालक-परिचालकों को अतिरिक्त सेवाएं देने पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
योजना के तहत चालक-परिचालकों को 12 दिन तक बस चलाकर 3600 किलोमीटर पूरा करने पर 4800 रुपये मिलेंगे। वहीं, 13 दिन तक बस चलाकर 3900 किलोमीटर पूरा करने पर 5850 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसको लेकर मेहनत करने वाले चालक-परिचालकों को विशेष सुविधा भी दी जाएगी। परिवहन निगम ने बताया कि प्रत्येक प्रमुख रूट पर अतिरिक्त बस भी चलाई जाएगी। वहीं, कर्मचारियों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। 12 दिन काम करने पर 2100 रुपये और 13 दिन अतिरिक्त काम करने पर 2500 रुपये का दीपावली तोहफा दिया जाएगा।
एआरएम विजय कुमार गंगवार ने बताया कि दीपावली और छठ पूजा के त्योहार को देखते हुए परिवहन निगम ने चालक-परिचालकों के लिए योजना शुरू की गई है। इसके तहत अतिरिक्त सेवाएं देने पर इनको लाभ दिलाया जाएगा।