नेपाल सीमा से सटे ककरहवा बॉर्डर पर अतिक्रमण को जेसीबी द्वारा गिराया गया। संवाद
- ककरहवा कस्बा में अतिक्रमण कर बने पांच मकानों पर हुई कार्रवाई
ककरहवा। नेपाल सीमा से सटे ककरहवा बॉर्डर पर अतिक्रमण कर बनाए गए पांच मकानों को प्रशासन ने सोमवार को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। इसके लिए प्रशासन ने पहले ही नोटिस देकर डुग्गी मुनादी करा दी गई थी।
मोहाना थाना क्षेत्र के ककरहवा बॉर्डर के पास हुए अतिक्रमण पर सोमवार को जमकर प्रशासन का बुलडोजर गरजा। ककरहवा बॉर्डर पर शासन की ओर से पर्यटकों के स्वागत के लिए स्वागत द्वार का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके रास्ते में अतिक्रमण के दायरे में परमात्मा, तिलकराम, रमेश चंद, पशुपतिनाथ कसौधन, राजेश मिश्रा, दीपक, रूपचंद के मकान चिह्नित किए गए थे। इन मकानों के अवैध अतिक्रमण को पूर्व में ही प्रशासन ने चिह्नांकन कर अवैध कब्जे को खाली करने का आदेश दिया गया था। इसके बाद अवैध अतिक्रमणकारियों को नोटिस भी दिया गया था। बावजूद इसके किसी ने भी अपना अतिक्रमण नहीं हटाया। प्रशासन ने कुछ दिन पूर्व डुग्गी मुनादी कर सात सितंबर तक अवैध कब्जा बेदखली करने के निर्देश दिए थे।
सोमवार को पूरे दल बल के साथ पहुंचे एसडीएम सदर कल्याण सिंह मौर्य के नेतृत्व में ककरहवा बॉर्डर पर बने अवैध निर्माण को जेसीबी के से गिरा दिया गया। इस दौरान नायब तहसीलदार विजय श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक शीतल द्विवेदी, लेखपाल शिवशंकर यादव, सीओ सदर विश्वजीत सोरयान, एसएसबी निरीक्षक नीरज कुमार सिंह सहित कई थानों के पुलिस फोर्स व महिला सिपाही मौजूद रहे।