शाहपुर। डुमरियागंज नगर पंचायत के शाहपुर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान प्रशासन की ओर से मंगलवार को चौथे दिन भी चलाया गया। हालांकि प्रशासन को कोई जोर जबरदस्ती नहीं करनी पड़ी, माइक से अलाउंस के बाद लोग खुद अपने मकान और दुकान के सामने से कब्जा हटाना शुरू कर दिए थे। एसडीएम और ईओ ने कुछ जगहों पर पक्के बाउंड्रीवॉल, घर की सीढि़यों पर ही बुलडोजर चलवानी पड़ी।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे एसडीएम डॉ. संजीव कुमार दीक्षित की अध्यक्षता में ईओ महेश प्रताप श्रीवास्तव शाहपुर पहुंचे तो अधिकतर लोग खुद अतिक्रमण हटाने लगे थे। सबसे पहले डुमरियागंज से बढ़नी रोड पर स्थित शाहपुर में अतिक्रमण को हटवाया गया। शाहपुर चौराहे से नवीन मंडी तक जाने वाली सड़क पर भी अतिक्रमण को हटवाया गया। शाहपुर से धोबहा रोड पर आंबेडकर पार्क तक अवैध कब्जा हटाया गया।
इस संबंध में एसडीएम डॉ. संजीव कुमार दीक्षित ने कहा कि सड़क पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलता रहेगा। कहीं भी अवैध कब्जा और निर्माण की शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।
-
शाहपुर चौराहे से सिंगर जोत मार्ग पर नवीन मंडी के समीप दो घरों के अवैध बाउंड्रीवॉल को तोड़ दिया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो तोड़ने के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।
-महेश प्रताप श्रीवास्तव ईओ