सिद्धार्थनगर। जिला कृषि अधिकारी कार्यालय पर सोमवार को किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर भाकियू (जनकल्याण) धरना प्रदर्शन व किसान पंचायत की। चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो संगठन अनिश्चतकालीन धरना प्रदर्शन व कार्यालय में तालाबंदी करेगा।
भाकियू (जनकल्याण) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिलदेव राय ने कहा कि पूरे जनपद में यूरिया की कालाबाजारी के चलते किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। प्राइवेट खाद के दुकानों पर यूरिया खाद उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। साधन सहकारी शिवपतिनगर को फिर मोहाने में स्थापित किया जाए। सीमाई क्षेत्र लोटन, अलीगढ़वा, ठोठरी, खुनुवां, बजहा सीमा से हो रही खाद की तस्करी पर अविलंब रोक लगाई जाए। बर्डपुर नंबर दो से सात में साधन सहकारी समितियों को स्थापित किया जाए, जिससे क्षेत्रीय किसानों को खाद लेने में सुविधा हो सके। राजकीय कृषि बीज गोदामों में बेचे गए अमानक सांभा बीज खरीदने वाले किसानों को चिह्नित कर उनके क्षेत्रफल के अनुपात में उत्पादन के सापेक्ष मुआवजा दिलवाया जाए। खरीफ वर्ष 2024 में बीमित क्षेत्रफल का जनपद के औसत उत्पादन को आधार मानकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को बीमा कंपनियों से फसल की प्रतिपूर्ति दिलाया जाए। प्रशासनिक क्राॅप कटिंग की आख्या व एग्री बाजार तकनीकी सर्वे के अंतर को स्पष्ट किया जाय तथा कौन-सी उत्पादन आख्या सही है स्पष्ट किया जाय। अवर्षण की स्थिति को देखते हुए पूरे जनपद को सूखा ग्रस्त घोषित किया जाए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनोद चौधरी, जिलाध्यक्ष अनिल कुमार राव समेत इंद्रजीत दूबे, यार मोहम्मद, निराला मौर्या, नंद राम यादव समेत अन्य लोग शामिल रहे।
-
भाकियू टिकैत गुट ने कलेक्ट्रेट पर लगाई पंचायत
सिद्धार्थनगर। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए 22 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। जिलाध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने कहा कि पूरे जिले में यूरिया संकट खड़ा है। इसका तत्काल समाधान कराया जाए। इसके साथ ही सांभा मंसूरी धान बिना समय बाली आ गयी है। ऐसे किसानों को तत्काल नुकसान की भरपाई किया जाए।