इटवा। क्षेत्र के करहिया पुल के उत्तर बुधवार देर शाम ग्राम कमहरिया निवासी बाइक सवार रामू (34) को इटवा की तरफ से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी इटवा पहुंचाया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, इटवा थाने के ग्राम कमहरिया निवासी रामू (34) पुत्र राम ललित रोज की तरह बुधवार को राजगीर के साथ करहिया पुल के दक्षिण हो रहे भवन निर्माण कार्य में मजदूरी करने गया था। देर शाम कार्य बंद करके वह बाइक से लौट रहा था। अभी वह करहिया पुल पार कर रहा था कि सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। वहीं ठोकर मारने वाला चालक वाहन सहित भाग निकला। इलाज के दौरान घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इटवा एसओ श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।