गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर सिद्धार्थ तिराहे पर तिरंगे की खरीददारी करते बच्चे। संवाद
- फोटो : katra news
सिद्धार्थनगर। गणतंत्र दिवस सोमवार को मनाया जाएगा। राष्ट्रीय पर्व को लेकर रविवार को भी बाजार में खूब उत्साह रहा। बाजारों में तिरंगा, टी-शर्ट, बिल्ला आदि सामान की बिक्री तेज हो गई है। बच्चे जहां छोटे तिरंगे पसंद कर रहे थे। वहीं, प्रतिष्ठानों पर फहराने के लिए लोग बड़े-बड़े झंडे भी खरीदते नजर आए।
सरकारी व अर्ध सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों से लेकर सामाजिक संगठनों, निजी प्रतिष्ठानों में गणतंत्र दिवस की तैयारी चल रही है। विद्यालयों में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों लिए बच्चों ने रविवार को भी अभ्यास किया। बाजार में मिल रहे तिरंगे के कलर की टोपी भी लोगों को आकर्षित कर रही है। मांग के अनुसार मिष्ठान विक्रेता लड्डू व अन्य मिष्ठान तैयार कर लिए हैं। बाजारों में झंडा के साथ बिल्ला की सजी दुकानें नजर आईं। शहर के दुकानदार सुरेश ने बताया कि झंडे, स्टीकर, कैप की मांग ज्यादा है। स्कूली बच्चे हेयरबैंड, रिस्टबैंड, बिल्ले की मांग कर रहे हैं। झंडे 10 रुपये से लेकर 300 रुपये तक बिक रहे हैं। राष्ट्रीय ध्वज के अलावा तिरंगा मास्क, झंडे, हेयर बैंड, ब्रोच, कैप, रिबन और हैंड बैंड आदि उपलब्ध हैं।