सिद्धार्थनगर। जिला स्टेडियम में आयोजित 33वीं जनपदीय माध्यमिक एवं बेसिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न आयु वर्गों में बालक-बालिकाओं की स्पर्धाएं हुईं। ओवरऑल चैंपियनशिप में 273 अंकों के साथ तहसील बांसी ने प्रथम और 233 अंकों के साथ नौगढ़ ने दूसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 19 एवं 17 वर्षीय बालक-बालिका वर्ग की तीन हजार मीटर दौड़ से हुआ। बालक वर्ग में गांधी आदर्श विद्यालय, बढ़नी के नरेंद्र गौतम प्रथम, किसान इंटर कॉलेज, उसका बाजार के मुकेश राजभर द्वितीय और बृजेश्वरी इंटर कॉलेज, घरूवार के रोहित मौर्य तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार की वंदना ने प्रथम और मनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
दूसरे दिन अंडर-19, अंडर-17 और अंडर-14 आयु वर्ग में तीन हजार मीटर दौड़, पैदल चाल, त्रिकूद, ऊंची कूद, 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़ और रिले रेस सहित विभिन्न स्पर्धाएं हुईं। समापन पर विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद का नियमित अभ्यास भी जरूरी है। इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। उन्होंने 16 और 17 अक्टूबर को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाली मंडलीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।