सिद्धार्थनगर। प्रदेश में जनसत्ता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप उर्फ राजा भैया के अगुवाई में संगठन का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। वहीं कई ऐसे दल जो राष्ट्रीय पार्टी का दम भरते थे, उनका जनाधार समाप्त होने लगा है। यह बातें जनसत्ता पार्टी के नेता व पूर्व सांसद अक्षय प्रताप सिंह ने कही। वह शुक्रवार को रेस्ट हाऊस में पार्टी के जिला इकाई की समीक्षा बैठक में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनावों पर रोक को लोकतांत्रिक परंपरा के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने से रोकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्टी इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी। बैठक में किसानों की खाद संकट की समस्या भी उठी। कार्यकर्ताओं ने बताया कि खाद वितरण में अनियमितता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी इस मुद्दे को जिला प्रशासन के समक्ष रखेंगे। इस दौरान बैठक में वशिष्ठ सिंह, अनूप सिंह, जसवंत सिंह, अजय सिंह, नप्पू, डिंपल सिंह मौजूद रहे।