- शोहरतगढ़ में एसडीएम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील
शोहरतगढ़। बाल श्रम मुक्त उत्तर प्रदेश अभियान के तहत मंगलवार को शोहरतगढ़ कस्बे में श्रम विभाग और मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। गड़ाकुल चौराहे पर एसडीएम रवीश गुप्ता ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील की गई।
रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पुलिसकर्मियों, एसएसबी जवानों और व्यापारियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर बाल श्रम के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की कि किसी भी बच्चे से मजदूरी न कराएं और उन्हें शिक्षा प्राप्त करने का अवसर दें।
अभियान के तहत विभिन्न दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बाल श्रम मुक्त प्रतिष्ठान के स्टीकर भी लगाए गए। इसके माध्यम से प्रतिष्ठान संचालकों को बाल श्रम रोकने के प्रति जागरूक किया गया।
एसडीएम रवीश गुप्ता ने कहा कि बाल श्रम बच्चों के बचपन, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य में बाधा है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने और सुरक्षित वातावरण में बचपन बिताने का अधिकार है। बाल श्रम समाप्त करना केवल प्रशासन की नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने बाल श्रम मुक्त शोहरतगढ़ बनाने में सभी से सहयोग की अपील की।
इस दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी जितेंद्र कुमार, एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव, उपनिरीक्षक लक्ष्मण प्रसाद, एसएसबी 43वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट निलेश, उपनिरीक्षक रविकांत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।