- मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सर्दी-जुकाम और सांस की तकलीफ वाले बच्चों की संख्या बढ़ी
- पीआईसीयू में 24 घंटे के दौरान चार से पांच बच्चे हो रहे भर्ती, डॉक्टरों ने ठंड से बचाव की दी सलाह
सिद्धार्थनगर। बारिश के बाद मौसम में अचानक आए बदलाव से बच्चों की सेहत बिगड़ने लगी है। सर्दी-जुकाम, बुखार के साथ सीने में जकड़न और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें बढ़ रही हैं। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना 18 से 20 बच्चों में निमोनिया के लक्षण मिल रहे हैं जबकि पीआईसीयू में प्रतिदिन चार से पांच बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है।
आमतौर पर 15 नवंबर के बाद महसूस होने वाली ठंड इस बार बारिश के कारण पहले ही बढ़ गई है। रात और सुबह के समय तापमान में गिरावट का असर बच्चों पर अधिक पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज के बालरोग विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन 140 से 150 बच्चे पहुंच रहे हैं। इनमें 35 से 40 प्रतिशत बच्चे सर्दी-जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं। जांच के दौरान 18 से 20 बच्चों में निमोनिया के लक्षण मिल रहे हैं। गंभीर स्थिति में सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न और घरघराहट होने पर बच्चों को पीआईसीयू में भर्ती कराया जा रहा है।
बालरोग विशेषज्ञ डॉ. नम्रता राव के अनुसार, मौसम में बदलाव के कारण निमोनिया के मामले बढ़ रहे हैं। बच्चों को जांच के बाद दवाएं दी जा रही हैं। अभिभावकों को ठंड से बचाव, गर्म कपड़े पहनाने और धूल-मिट्टी से दूर रखने की सलाह दी जा रही है।
पीआईसीयू के 15 बेड में भर्ती हैं 10 बच्चे
मेडिकल कॉलेज के पुराने अस्पताल स्थित पीआईसीयू वार्ड में 15 बेड हैं। वर्तमान में यहां 10 बच्चे भर्ती हैं। इनमें निमोनिया से पीड़ित चार से पांच बच्चों को प्रतिदिन भर्ती किया जा रहा है। जरूरत के अनुसार 24 घंटे या इससे अधिक समय तक उनका उपचार किया जा रहा है। हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दी जा रही है। वार्ड में सभी बेड भरने की स्थिति में महिला अस्पताल में बनाए गए अलग वार्ड में बच्चों को भर्ती करने की व्यवस्था है।
कोट
चिकित्सकों के अनुसार, छोटे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कमजोर होती है। ऐसे में मौसम में अचानक बदलाव और वायरल संक्रमण से वे जल्दी प्रभावित हो सकते हैं। लगातार खांसी, तेज सांस चलना, पसलियों के नीचे छाती का धंसना और दूध या भोजन पीने में परेशानी निमोनिया के संकेत हो सकते हैं। सांस लेने में दिक्कत होने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए।
- डॉ. नम्रता राव, बालरोग विशेषज्ञ, माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज