- मूर्तिकारों, आयोजकों और डीजे संचालकों को दिए गए जरूरी दिशा-निर्देश
सिद्धार्थनगर। आगामी धनतेरस, दिवाली, मां लक्ष्मी पूजा और छठ पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को खेसरहा थाने में पीस कमेटी की बैठक हुई। प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मूर्तिकारों, पूजा आयोजकों, डीजे संचालकों, संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं को शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
प्रभारी निरीक्षक ने सभी पूजा आयोजकों और प्रतिमा स्थापित करने वालों से त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें और त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। डीजे संचालकों को भी निर्धारित नियमों के अनुसार ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी से सहयोग की अपील की।
इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र सहित क्षेत्र के पूजा आयोजक, मूर्तिकार, डीजे संचालक, धर्मगुरु और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।