भारत नेपाल सीमा में तैनात एसएसबी के सहायक सेनानायक संजय केपी से सुरक्षा संबंधी बातचीत करते एडीज
- एडीजी ने बढ़नी बाॅर्डर का निरीक्षण कर परखी सुरक्षा व्यवस्था, दोनों देश के अधिकारियों के साथ की बैठक
बढ़नी। एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन रविवार को बढ़नी बाॅर्डर पर पहुंचे। यहां निरीक्षण करके सुरक्षा व्यवस्था को परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि बॉर्डर पर देश विरोधी गतिविधि किसी भी हाल में पनपने न पाए। ऐसे लोगों के बारे में जानकारी मिलते ही कड़ी कार्रवाई की जाए। दोनों देश की सुरक्षा एजेंसी आपस में बेहतर समन्वय रखें और सीमा की सुरक्षा में योगदान करें। इसके अलावा बढ़नी कस्टम मीटिंग हॉल में नेपाल तथा भारत के सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया विभाग के साथ बैठक कर कई बिंदुओं पर चर्चा की।
अपर पुलिस महानिरीक्षक ने बैठक से पहले नो मेंस लैंड का निरीक्षण करते हुए अगल-बगल के गांव के बारे में जानकारी ली और नेपाल के पुलिस अधिकारी से मिलकर सुरक्षा संबंधी जानकारी हासिल की। उन्होंने बढ़नी कस्टम विभाग के बैरियर पर मौजूद सिपाहियों से बातचीत कर इंपोर्ट-एक्सपोर्ट के बारे में जानकारी हासिल की। वहां पर मौजूद एसएसबी के सहायक सेना नायक संजय केपी से सुरक्षा संबंधित जानकारी ली। बैठक में नेपाल के कृष्णानगर खुफिया विभाग के अधिकारियों से भारत नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा संबंधी जानकारी आपस में आदान-प्रदान करने के लिए जोर देते हुए कहा कि नेपाल तथा भारत आपस में मैत्री संबंध रखता है इसलिए किसी भी प्रकार के अवांछनीय तत्वों का सक्रिय होने की जानकारी होने पर नेपाल के अधिकारी भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को आगाह करें। देश विरोध तत्व किसी भी हाल में बॉर्डर पर पनप न सकें। अगर जानकारी मिलती है कि गतिविधि संदिग्ध है तो तत्काल कार्रवाई करेंगे। इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
जाम की समस्या पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके बारे में जानकारी हुई है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जाम के समस्या से निपटने के लिए समुचित उपाय करने पर भी चर्चा की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ प्रवीन प्रकाश, कस्टम इंस्पेक्टर ज्ञान प्रकाश, सहित नेपाल की सुरक्षा एजेंसी, खुफिया विभाग, भारतीय सीमा के सिद्धार्थनगर के सभी थानों की पुलिस अधिकारी, लोकल इंटेलिजेंस तथा भारत सरकार के आईवी सहित सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी मौजूद रहे।