- जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा ज्ञापन, मतगणना की निष्पक्ष जांच और पुनर्मतदान की मांग
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की मतगणना में अनियमितता का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने जांच की मांग की है। संगठन ने राष्ट्रपति और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इसमें मतगणना की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपों की पुष्टि होने पर पुनर्मतदान कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में संगठन ने चौथे चक्र के 1612 मतपत्रों में कथित हेरफेर, मतपत्रों पर ओवरराइटिंग और मतगणना अभिकर्ताओं को डराने के आरोप लगाए हैं। संगठन ने स्ट्रांग रूम और मतगणना की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और संबंधित मतपत्रों की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है।
संगठन का कहना है कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। यदि अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो चुनाव निरस्त कर पुनर्मतदान कराया जाए। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष राजीव सिन्हा और जिला मंत्री रवि यादव के हस्ताक्षर हैं।