शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ पुलिस पर 20 हजार रुपये मांगने और मारपीट करने का आरोप लगा। यह सूचना सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फैल गई। जानकारी होने के बाद क्षेत्राधिकारी (सीओ) मयंक द्विवेदी ने मामले की जांच कराई।
इसके बाद वीडियो बयान जारी कर आरोपों की पुष्टि न होने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवक को छेड़खानी और अन्य धाराओं में दर्ज मामले के आधार पर न्यायालय भेजा गया था।
मामला नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 हनुमाननगर निवासी इजहार हुसैन उर्फ बबलू से जुड़ा है। बब्लू का आरोप है कि उनके पुत्र अरमान को 24 अगस्त को पुलिस थाने ले गई और उसे छोड़ने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की गई। उसने एक वीडियो वायरल कर आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी पत्नी के मोबाइल से फोन कर पैसे मांगे और बाद में बेटे को छोड़ने का आश्वासन देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज कर 26 अगस्त को जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 24 अगस्त को हुई, जब श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर आयोजित भंडारे के दौरान एक किशोरी के पिता ने थाने में तहरीर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अरमान ने इंस्टाग्राम स्टेटस पर उनकी बेटी के संबंध में अभद्र और आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया था। साथ ही रास्ते में अश्लील टिप्पणियां करने का भी आरोप लगाया गया।