शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के छतहरा गांव स्थित कान्हा गोशाला के पास सोमवार दोपहर बाद पुरानी रंजिश में एक युवक से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तीन-चार लोगों पर बाइक रोककर गाली-गलौज करने और लाठी-डंडों से पीटने का आरोप लगाया है। युवक ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रमवापुर नानकार निवासी आशीष गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार दोपहर बाद वह बाइक से चिल्हिया से शोहरतगढ़ आ रहा था। छतहरा गांव स्थित कान्हा गोशाला के पास पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद तीन-चार लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसकी बाइक रोक ली। आरोप है कि इसके बाद गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की गई। मौके पर लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष शोहरतगढ़ शेषमणि पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।