इटवा में फर्जी आवेदन के विरोध में नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय ने एसडीएम से की मुलाकात
इटवा। विधानसभा क्षेत्र के कुछ गांवों के वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फर्जी आवेदन दिए जाने पर नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय ने नाराजगी जताई। बृहस्पतिवार को एसडीएम इटवा से मिलकर इस पर अंकुश लगाने की मांग की। ऐसा न होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गंगवल, कलेनिया गांव में फाॅर्म सात में बाहरी दिखाकर वोट कटवाने की जानकारी उन्हें दी गई है। इन मतदाताओं में अधिकांश एक समुदाय से आते हैं, जिसके चलते इन मतदाताओं में काफी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मतदाता सूची से नाम कटवाकर कामयाब होना चाह रहे हैं। लेकिन, उनकी यह मंशा कभी सफल नहीं होने वाली है। इटवा की जनता ऐसे लोगों को हमेशा सबक सिखाती आई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी फाॅर्म सात के जरिये बड़ी धांधली करने जा रही है, लेकिन हमारे मतदाता बहुत ही जागरूक हैं। वह इसके लिए पूरी तन्मयता से ऐसे तत्वों से अहिंसात्मक तरीके से लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने एसडीएम इटवा से ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।