भनवापुर ब्लाक क्षेत्र के गागापुर गांव के करीब 50 मीटर दूरी पर बलरामपुर जिले के सुरहिया देवर डीह
भनवापुर। ब्लॉक क्षेत्र में आई बाढ़ का कहर अभी कम ही हुआ था कि राप्ती नदी के घटते जलस्तर से तेजी से हो रही कटान से लोग परेशान हैं। राप्ती नदी के तट पर बना बिजौरा का गौशाला व अंत्येष्ठि स्थल कटान के चलते नदी में विलीन होने की कगार पर हैं। ग्राम गागापुर से थोड़ी दूर सुरहिया देवर डीह के पास स्थित आम के बगीचे को राप्ती नदी ने आपनी आगोश में लेना आरंभ कर दिया है। पिछले कुछ दिनों मेें आम के कई पेड़ नदी में समा चुके हैं। लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह राप्ती का कटान जारी रहा तो एक-दो सप्ताह में गागापुर गांव के लोगों की कृषि योग्य जमीन पर खतरा पैदा हो जाएगा। क्षेत्र के हरिनाथ पांडेय ने बताया कि पहले बाढ़ की तबाही में फसल बर्बाद हुई और अब कटान से लोगों में दहशत है। सीवान के करीब 50 मीटर दूरी तक कटान हो गई है।
राप्ती के तट पर बसे ग्राम बिशुनपुर औरंगाबाद निवासी सीताराम मौर्या ने बताया कि बाढ़ के बाद राप्ती काफी तेजी से कटान कर रही है। अगर समय रहते कटान को रोकने का प्रबंध नहीं किया गया तो लोगों का काफी नुकसान हो जाएगा।