पथरा। थाना क्षेत्र के कम्हरिया बुजुर्ग गांव में शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मुंबई जाने की तैयारी को लेकर हुई कहासुनी के दौरान पत्नी पर सिलबट्टे से हमला करने का आरोप है। हमले में पति के सिर में चोट आई। उपचार के बाद घायल ने पथरा थाने पहुंचकर पत्नी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कम्हरिया बुजुर्ग निवासी विजय बहादुर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह लंबे समय से पैर की चोट का इलाज करा रहे थे। इलाज के लिए उन्होंने एक निजी कंपनी से ऋण लिया था। स्वस्थ होने के बाद वह रोजगार के लिए मुंबई जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन उनकी पत्नी लगातार बाहर जाने का विरोध कर रही थी।
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पत्नी ने सिलबट्टे से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। स्थानीय स्तर पर उपचार कराने के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले में प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। प्रकरण की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।