-बलरामपुर जिले की पचपेड़वा थाने की पुलिस ने जिले के एक मदरसा शिक्षक को उठाया है
सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर उर्फ फलफली गांव में पहुंची पचपेड़वा थाने की पुलिस ने गांव निवासी मोईद खां को हिरासत में लेने के बाद गांव में खलबली मच गई। पुलिस वाहन के गांव से निकलते ही तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और लोग मामले को लेकर कयास लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि 10 वर्षों में करीब एक दर्जन विद्यालय और मदरसों में कनवर्जन काॅस्ट बढ़ाकर करीब 14 करोड़ रुपये का गबन किया गया था।
बलरामपुर जिले में नवंबर में एमडीएम से जुड़ा एक 14 करोड़ का घोटाला सामने आया। इसमें पता चला कि बलरामपुर जिले के तत्कालीन जिला समन्वयक एमडीएम फिरोज अहमद पिछले 10 वर्षों में करीब एक दर्जन विद्यालय और मदरसों में कनवर्जन काॅस्ट बढ़ाकर दे रहे थे। इस तरह से कुल 14 करोड़ रुपये का गबन किया गया था। इस आरोप में कुल 44 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पचपेड़वा थाने की पुलिस उसी सिलसिले में मोईद खां को साथ ले गई है। मोईद बलरामपुर जनपद के मधनगर क्षेत्र में स्थित मदरसा फारूकिया में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात है। एमडीएम घोटाले में आरोपितों में मदरसा फारूकिया के प्रबंधक व प्रधानाध्यापक का भी नाम शामिल है। पुलिस प्रबंधक को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है जबकि प्रधानाध्यापक अब तक लापता बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार प्रधानाध्यापक से मोईद खां के मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी। इसी काल के दौरान प्राप्त लोकेशन के आधार पर पचपेड़वा थाना पुलिस मोईद तक पहुंची और उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।