डुमरियागंज। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के विरुद्ध हो रहे संगठित उत्पीड़न के विरोध में रविवार को डुमरियागंज तहसील परिसर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ की अगुवाई में धरना-प्रदर्शन कर बांग्लादेश में हो रहे हिन्दुओं पर अत्याचार पर अंकुश लगाने और पीएम नरेंद्र मोदी से मामले में हस्तक्षेप कर बांग्लादेश पर दबाव बनाने की मांग की।
प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ ने कहा है कि पड़ोसी देश में हिंदुओं का खून बह रहा है और भारत सरकार सत्ता, व्यापार और कॉर्पोरेट हितों की आड़ में आंखें मूंदे बैठी है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही भारत सरकार ने निर्णायक कदम नहीं उठाए, तो यह इतिहास में दर्ज होगा कि सत्ता के लालच में मोदी सरकार ने हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचारों पर आंखें मूंद लीं। आप नेता ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने तत्काल ठोस कार्रवाई नहीं की तो आम आदमी पार्टी देशभर में जन आंदोलन, प्रदर्शन और संवैधानिक दबाव के जरिये सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए मजबूर कर देगी। इस दौरान आप के प्रांत महासचिव रजत चौरसिया, जिला प्रभारी अनुज पाठक, जिलाध्यक्ष जलाल अहमद, कृष्णगोपाल चौधरी, इमरान खान, नोमान उस्मानी, शिव कुमार आदि मौजूद रहे।