सिद्धार्थनगर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए चल रहे अभियान में विधानसभा क्षेत्रों के बीच आवेदनों का अंतर बना हुआ है। 17 नवंबर से अब तक जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों से फाॅर्म-6 के कुल 21,127 आवेदन आए हैं। कपिलवस्तु 6,961 आवेदनों के साथ सबसे आगे है, जबकि इटवा में सबसे कम 2,279 आवेदन मिले हैं।
बांसी और इटवा में भी आवेदन की संख्या अपेक्षाकृत कम है। बांसी में 2,565 आवेदन आए हैं। इन दोनों क्षेत्रों में निर्वाचन कार्य की धीमी प्रगति को लेकर प्रशासन पहले ही सख्ती दिखा चुका है। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप फाॅर्म-6 के आवेदन नहीं आने पर दोनों तहसीलों के एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ और बीईओ समेत आठ अधिकारियों को नोटिस जारी किया जा चुका है। उन्हें तीन दिन में सुधार कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद इन क्षेत्रों में आवेदन बढ़ाना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।
आंकड़ों के अनुसार शोहरतगढ़ में 5,174 और डुमरियागंज में 4,148 आवेदन आए हैं। वहीं बांसी और इटवा में मिलाकर 4,844 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर है। ऐसे में शेष अवधि में पात्र मतदाताओं तक पहुंचकर उनके नाम सूची में शामिल कराने के लिए अभियान तेज करना होगा।
एडीएम संदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एसएसआर के तहत फाॅर्म-6 के आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया की लगातार समीक्षा की जा रही है। जिन विधानसभा क्षेत्रों में आवेदन की संख्या कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारी और बीएलओ सक्रियता से काम करें।