- लोहिया कला भवन में देशभर के कवियों और शायरों ने बांधा समां
- नवल सुधांशु, शशि श्रेया और चेतना पांडेय की प्रस्तुतियों को मिली खूब दाद
सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय स्थित लोहिया कला भवन रविवार को कविता और शायरी के रंगों से गुलजार रहा। जीवंत फाउंडेशन की ओर से आयोजित रसखान कवि सम्मेलन एवं मुशायरे में देशभर से आए कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। किसी ने सामाजिक विसंगतियों पर प्रहार किया तो किसी ने प्रेम, संवेदना और जीवन के विभिन्न पहलुओं को शब्दों में पिरोया। हर शानदार प्रस्तुति पर तालियों की गूंज सुनाई दी।
वरिष्ठ शायर सलीम सिद्दीकी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में फैज खलीलाबादी, प्रो. बलवंत सिंह, डॉ. दिनेश त्रिपाठी, दिनेश शांडिल्य, सहर महमूद, नवल सुधांशु, जुबैर अहमद, शशि श्रेया, चेतना पांडेय, इकबाल युसूफ और अरविंद इनायत सहित कई कवियों और शायरों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। नवल सुधांशु, शशि श्रेया और चेतना पांडेय की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। उनकी रचनाओं पर श्रोताओं ने खूब दाद दी। पूरे आयोजन में साहित्यिक सरोकारों के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका सिद्धार्थनगर के पूर्व अध्यक्ष मो. जमील सिद्दीकी और एडीएम न्यायिक डॉ. ज्ञान प्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजक पंकज सिद्धार्थ ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा जिले की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को नई पहचान दिलाना है। समापन अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल ने सभी कवियों और शायरों को सम्मानित किया। संचालन नीतेश पांडेय ने किया। आयोजन की सफलता में दीनक मणि त्रिपाठी और अभिमन्यु तिवारी की भूमिका रही।
इस अवसर पर डॉ. अल्का पांडेय, फतेह बहादुर सिंह, धनंजय सहाय, नीतेश पांडेय, सुधार पांडेय, प्रभात शुक्ला सहित तमाम साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।