शाहपुर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। 300 बिजली के खंभे टूटने से करीब 200 गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित है। विद्युत निगम के टेक्नीशियन और लाइनमैन दिन-रात मरम्मत में जुटे हैं, नए पोल लगाकर क्षतिग्रस्त तारों को दुरुस्त कर रहे हैं। अधिशासी अभियंता संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि डुमरियागंज टाउन के कुछ वार्डों की बिजली दोपहर 1 बजे बहाल हुई। हल्लौर, कूंडी और हटवा जैसे ग्रामीण फीडरों की आपूर्ति दिन में 3 से 4 बजे के बीच चालू हुई। शेष इलाकों में 33 केवी और 11 केवी की मुख्य लाइनों पर पेड़ गिरने से वे क्षतिग्रस्त हैं। विभागीय टीम पेड़ हटवाकर, तारों की मरम्मत कर आपूर्ति सामान्य करने में जुटी है। बहुत जल्द सभी प्रभावित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।