- सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में सेवा-संकल्प अभियान के तहत हुई कार्यशाला
- कला, विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी में कॅरिअर की संभावनाओं की दी जानकारी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में बृहस्पतिवार को ट्रेनिंग, काउंसिलिंग एंड प्लेसमेंट सेल और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में कॅरिअर काउंसिलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर स्थित गौतम बुद्ध ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी इसमें हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में कॅरिअर बनाने के विकल्पों की जानकारी दी।
सेवा-संकल्प अभियान 2026 के तहत आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में संचालित पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने कला, मानविकी, विज्ञान और वाणिज्य के क्षेत्र में कॅरिअर की संभावनाओं पर चर्चा की। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप विषयों का चयन करने और भविष्य की योजनाएं तैयार करने के लिए जरूरी सुझाव दिए गए।
कला विषयों पर डॉ. संतोष सिंह, समाज विज्ञान से संबंधित विषयों पर डॉ. प्रदीप कुमार पांडेय, विज्ञान के क्षेत्र में डॉ. आशुतोष कुमार वर्मा और वाणिज्य में कॅरिअर के विकल्पों पर डॉ. शिवम शुक्ल ने व्याख्यान दिया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों और कॅरिअर निर्माण के लिए विषयों की उपयोगिता से अवगत कराया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह अतिथि के रूप में शामिल हुए। अध्यक्षता विश्वविद्यालय की अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर नीता यादव ने की। कार्यशाला में स्वामी विवेकानंद विद्यालय बर्डपुर, राजकीय हाईस्कूल बहुरवा, नव ज्योति इंटर कॉलेज सिद्धार्थनगर और राजकीय इंटर कॉलेज नौगढ़ सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार, प्रो. दीपक बाबू, प्रो. प्रकृति राय, प्रो. सुनील कुमार श्रीवास्तव, प्रो. जितेंद्र कुमार सिंह और प्रो. कौशलेंद्र चतुर्वेदी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।