- नेपाल से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लाया जा रहा था बीज, 58 बोरियों में मिला माल
- एसएसबी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और दोनों आरोपियों को सीमा शुल्क कार्यालय को सौंपा
ढेबरुआ। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एसएसबी के कंचनपुर कंपनी के नाका दल ने शनिवार तड़के 2,340 किलोग्राम चाइनीज कद्दू के बीज बरामद किए। नेपाल से भारत आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी में 58 बोरियों में बीज मिले। मौके से दो लोगों को पकड़ने के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली गई। एसएसबी ने बरामद माल, वाहन और दोनों व्यक्तियों को सीमा शुल्क कार्यालय बढ़नी के सुपुर्द कर दिया।
एसएसबी के अनुसार, नाका दल ने सीमा स्तंभ संख्या 582/10 से करीब दो किलोमीटर दूर गांव सढ़नी के रास्ते मढ़नी की ओर से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ट्रॉली से चाइनीज कद्दू के बीज की 58 बोरियां बरामद हुईं। वजन कराने पर बीज की कुल मात्रा 2,340 किलोग्राम मिली।
बलरामपुर के रहने वाले, नेपाल ले जा रहे थे बीज
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान बलरामपुर जिले के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के बड़का भुकुरुवा निवासी संतराम और मोतीपुर सेमरी निवासी पुनवासी के रूप में हुई है। एसएसबी के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने बताया कि बीज अनिल कुमार का है। इसे नेपाल के जोबरात, जिला कपिलवस्तु से लाकर सेमरहवा में बड़ईपुरवा निवासी संतोष कुमार चौरसिया को सौंपना था। इसके बदले दोनों को चार हजार रुपये भारतीय मुद्रा मिलने की बात भी सामने आई है। एसएसबी ने बीज और ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत दोनों व्यक्तियों को सीमा शुल्क कार्यालय बढ़नी को सौंप दिया। मामले में आगे की कार्रवाई सीमा शुल्क विभाग की ओर से की जाएगी।