- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत होगा आयोजन, तैयारियां शुरू
- 350 से अधिक ऑनलाइन आवेदन मिले, पहले आवेदन करने वालों को मिलेगा मौका
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में 26 नवंबर को 224 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इसके लिए बीएसए ग्राउंड में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शासन ने जिले में 224 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया है। योजना में पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए अब तक 350 से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पहले प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता देते हुए पात्र जोड़ों को सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।