सिद्धार्थनगर। टीईटी अनिवार्यता के विरोध में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले दिल्ली में 5 दिसंबर को रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में जनपद के 2 हजार शिक्षक प्रतिभाग करेंगे। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ जिला कार्यसमिति व ब्लाक इकाइयों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक में इसकी रणनीति तैयार की गई।
बीआरसी जोगिया में हुई बैठक में टीएफआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के 1 सितंबर के फैसले के खिलाफ शिक्षक प्रदर्शन करेंगे। फैसले में कहा गया है कि सभी कार्यरत शिक्षकों को दो साल के भीतर टीईटी परीक्षा पास करनी होगी।
डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में गठित टीएफआई की मांग है कि इस फैसले पर पुनर्विचार किया जाए और 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट दी जाए।