सिद्धार्थनगर। जिले के गोल्हौरा में मंगलवार तड़के पशु तस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में दरोगा जख्मी हो गए। जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर भी घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर दूसरे बदमाश को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद पकड़े गए दोनों बदमाशों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि थाना गोल्हौरा में 13 फरवरी को पशु तस्करी सहित अन्य धारा में केस दर्ज हुआ था। मामले की छानबीन चल रही थी। गैंगस्टर में शामिल अपराधी को पकड़ने के लिए टीम लगी थी। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम अपराधियों की धरपकड़ के लिए संपर्क में थी। वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। इसी बीच बांसी से इटवा की तरफ जा रही डीसीएम गाड़ी दिखाई दी। नजदीक आने पर पुलिस टीम ने गाड़ी को रोकने के लिए इशारा किया तो चालक ने वाहन को 100 मीटर पहले ही रोक दिया। उसमें से दो बदमाश उतरकर भागने लगे। दोनों का पुलिस टीम ने पीछा किया। तभी एक ने सर्विलांस सेल प्रभारी सुरेंद्र सिंह पर फायर झोंक दिया। गोली उनके बाएं हाथ में लग गई।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार और एसओजी प्रभारी ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। इससे एक बदमाश महराजगंज के धनेवा धनेई निवासी अब्बास के पैर में गोली लगी। वहीं, मौके से भाग रहे दूसरे बदमाश अजहर निवासी परसा महापात्र को दौड़ाकर दबोच लिया गया।