सिद्धार्थनगर। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि जिन लोगों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं उनसे संपर्क करके उनकी समस्याओं का समाधान कराएं तथा ज्यादा से ज्यादा निवेश करने के लिए प्रेरित करे।
जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उसके निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को रोजगार सृजन योजना के लिए शासन से प्राप्त लक्ष्य को पूर्ण करने तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों के आवेदन को अधिक से अधिक कराने का निर्देश दिया। लीड बैंक अधिकारी को निर्देश दिया कि उद्योग स्थापित करने के लिए जो पत्रावलियां बैंकों में ऋण उपलब्ध कराने के लिए जाती हैं उसको समय से स्वीकृत करायें।
अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि जहां पर जर्जर तार बदलने हैं कार्य में तेजी लाएं तथा व्यापारियों के नए कनेक्शन की आवश्यकता है उनको जल्द से जल्द कनेक्शन उपलब्ध कराएं। उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि व्यापारियों की समस्याओं का संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर निस्तारण करायें। श्रम प्रवर्तन अधिकारी को श्रमिकों का पंजीयन एवं नवीनीकरण कराने का निर्देश दिया। समस्त कार्यदायी संस्थाओं में पंजीकृत श्रमिकों का सेस कटौती का भुगतान कराए जाने का निर्देश दिया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं पर्यटन विभाग को निर्देश दिया कि जो उद्यमी पशुपालन व पर्यटन के क्षेत्र में एमओयू किया है उनसे संपर्क कर उनकी समस्याओं का निस्तारण कराएं। निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों को संबंधित विभाग को निस्तारित कराने का निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ जयेंद्र कुमार, उपायुक्त उद्योग दयाशंकर सरोज, अधिशासी अभियंता विद्युत आरके कुशवाहा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. जीवनलाल, लीड बैंक अधिकारी रवि कुमार सिन्हा उपस्थित रहे।