मारपीट और बवाल के बीच हुआ मतदान
- नौगढ़ में हुई मारपीट, लोटन में फर्जी वोटिंग का लगा आरोप
- आठ ब्लॉकों में शांतिपूर्ण रहा मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में जिले के 10 ब्लॉकों में मतदान हुआ। इनमें नौगढ़ में एक बीडीसी सदस्य से मारपीट और फर्जी वोटिंग के आरोप, जबकि लोटन में फर्जी वोटिंग के आरोप लगे। शेष आठ ब्लॉकों में मतदान शांतिपूर्ण रहा।
जिले के सभी 14 ब्लॉकों में चार पर पहले ही ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है, शनिवार को शेष 10 ब्लॉकों में मतदान हुआ। सुबह मतदान शुरू होते ही सभी 10 ब्लॉकों में पक्ष-विपक्ष के बीच तनावपूर्ण स्थिति रही, लेकिन नौगढ़ ब्लॉक गेट पर मतदान के पहले ही एक बीडीसी सदस्य से मारपीट होने पर स्थिति संवेदनशील हो गई। दोनों पक्षों में तनातनी के बीच हुए मतदान में विपक्ष की तरफ से सत्तापक्ष पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया गया। लोटन में भी फर्जी तरीके से एक मत डालने का आरोप लगाया गया है। वहीं अन्य आठ ब्लॉकों में मतदान शांतिपूर्ण रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस फोर्स तैनात रही और पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मतदान केंद्रों पर दौड़ते रहे।
------------------------
सभी 10 ब्लॉकों में पड़े मत
ब्लॉक कुल मत पड़े मत
जोगिया 66 66
इटवा 82 80
लोटन 51 51
डुमरियागंज 115 110
बढ़नी 73 70
नौगढ़ 69 69
भनवापुर 93 90
बांसी 76 76
शोहरतगढ़ 61 40
खेसरहा 96 96
----------------------
शोहरतगढ़ में नहीं पड़े 21 मत
शोहरतगढ़ ब्लॉक में 61 मतों में मात्र 40 क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) ने मतदान किया। यहां सर्वाधिक 21 सदस्यों ने मतदान नहीं किया। यहां सत्ताधारी भाजपा को 39 मत और निर्दल प्रत्याशी सरोज चौधरी को सिर्फ एक मत मिले। वहीं डुमरियागंज में पांच, भनवापुर में तीन, बढ़नी में तीन और इटवा में दो मत नहीं पड़ सके।
----------------
मतदान नहीं करने देने का आरोप
मोहाना थानाक्षेत्र के हिदायतनगर गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य सनोज कुमार ने आरोप लगाया कि उसे अंदर एक कागज पर हस्ताक्षर कराया गया लेकिन मत नहीं डालने दिया गया। वहीं मारपीट में घायल मोहाना थानाक्षेत्र के बीडीसी सदस्य विजय यादव का आरोप है कि उसे भी मतदान नहीं करने दिया गया।