सिद्धार्थ विश्वविद्यालय : बीएड भाग दो समेत सेमेस्टर प्रणाली की वार्षिक परीक्षा तिथि घोषित
कपिलवस्तु (सिद्धार्थनगर)। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय परिसर समेत संबद्ध महाविद्यालयों में सेमेस्टर प्रणाली के विभिन्न विषयों समेत बीएड भाग दो की वार्षिक परीक्षा तिथि घोषित कर दी गई है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि दो सितंबर से बीएड भाग दो की परीक्षा कराई जाएगी।
सेमेस्टर प्रणाली के सभी पाठ्यक्रमों के चतुर्थ सेमेस्टर और कतिपय पाठ्यक्रमों के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा की समय सारणी घोषित की गई है। बीएड और एमए के सेमेस्टर परीक्षा में प्रश्न पत्र डेढ़ घंटे के होंगे तथा प्रश्नों की प्रकृति निबंधात्मक होगी।
समय सारणी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। कुल सचिव ने बताया कि छात्र हित को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में संचालित स्नातक पाठ्यक्रम अंतर्गत कला संकाय में राजनीतिशास्त्र, लोक प्रशासन, प्राचीन इतिहास, इतिहास, हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, संस्कृत, मनोविज्ञान सहित स्नातकोत्तर स्तर पर राजनीति शास्त्र, लोक प्रशासन, प्राचीन इतिहास, इतिहास, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, समाज शास्त्र, मनोविज्ञान अर्थशास्त्र, वाणिज्य संकाय में बीकॉम बीबीए, एमकॉम तथा स्नातकोत्तर विज्ञान संकाय में भौतिक विज्ञान तथा बॉयोटेक्नोलॉजी विषयों में प्रवेश की अंतिम तिथि 20 अगस्त से बढ़ाकर 25 अगस्त कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम अंतर्गत महाविद्यालयों में भी बीपीएड, एमएड, बीएससी कृषि, एमएससी कृषि, शस्य विज्ञान, उद्यान विज्ञान, कृषि प्रसार में भी प्रवेश की अंतिम तिथि 25 अगस्त है।