सेहरी बुजुर्ग गांव में मंगलवार को एक परिवार के तीन सदस्यों की स्थिति संदिग्ध स्थितियों में मौत हो गई। कुछ समय के अंतर से तीनों के बेहोश होने और मुंह से झाग निकलने के कारण जहर को मौत की वजह माना जा रहा है। घर में बनी सब्जी में कीटनाशक गिर जाने के संदेह में सब्जी का सेंपल लिया गया है। घटना की चपेट में आईं श्यामराजी (65), बिंद्रावती (37) और रजनी (3)। बताते हैं कि दिन में श्यामराजी घर के करीब स्थित प्याज के खेत में निराई कर रही थीं। पोती रजनी भी उनके पास थी। अचानक रजनी बेहोश हुई और उसके मुंह से झाग निकलने लगे। श्यामराजी उसे संभाल पातीं कि इससे पहले उन्हें भी बेहोशी आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया। इसी बीच घर में मौजूद श्यामराजी की बहू बिंद्रावती के भी बेहोश होने व मुंह से झाग निकलने की जानकारी मिली। तीनों को बेंवा सीएचसी लाया गया, जहां श्यामराजी और रजनी को मृत घोषित कर दिया गया। >> शेष पेज 9 पर
सिद्धार्थनगर में जहर...
जबकि बेहतर इलाज के लिए बस्ती ले जाते वक्त बिंद्रावती ने दम तोड़ दिया। मजदूरी से गुजर बसर करने वाला शत्रुघ्न पत्नी, बेटी और मां के इस तरह चल बसने की जानकारी पर तत्काल घर पहुंचा लेकिन मौत की वजह नहीं समझ सका। गांव वालों ने घर में खाने के बाद बची सब्जी से तेज कीटनाशक की गंध महसूस की। अनुमान जताया जा रहा है कि फसल बचाने के लिए लाया गया कीटनाशक किसी तरह सब्जी में गिर गया होगा। पुलिस का कहना है कि सब्जी के सेंपल की जांच और पोस्टमार्टम से स्थिति और स्पष्ट होगी।
-----