प्रतियोगिता में अव्वल रहे शुभम पांडेय को मिला लैपटॉप
राजीव गांधी सामान्य ज्ञान ऑनलाइन प्रतियोगिता सफल प्रतिभागी पुरस्कृत
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कांग्रेस की ओर से आयोजित राजीव गांधी सामान्य ज्ञान ऑनलाइन प्रतियोगिता में सफल प्रतियोगियों को कांग्रेस कार्यालय पर पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान पाने वाले शुुभम पांडेय को लैपटॉप, द्वितीय स्थान पर आए मोहम्मद समीर खान को मोबाइल फोन, तृतीय स्थान पाई अंजली द्विवेदी को टैबलेट एवं प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
पूर्व सांसद मोहम्मद मुकीम ने कहा कि कांग्रेस की ओर से युवाओं एवं छात्रों को नए दौर के प्रतियोगी माहौल में सफल बनाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। इससे युवाओं में उत्साह का संचार होगा और प्रतियोगिता में सफल होने के लिए कड़ी मेहनत की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता में शामिल बच्चों में सांत्वना पुरस्कार के तौर पर 10 बच्चों को बैग, 10 बच्चों को डाक्युमेंट फोल्डर, 10 बच्चों को कॉफी मग दिया गया एवं अन्य के मोबाइल नंबर पर ई रिचार्ज भेजा जाएगा। जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद एवं पूर्व विधायक अनिल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में इस प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य छात्रों को देश के ऐतिहासिक जानकारी से समृद्ध करना है। डॉ. चंद्रेश उपाध्याय एवं सच्चिदानंद पांडेय ने कहा कि पार्टी इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जागरूक कर रही है। इस दौरान दिनेश वर्मा, कैलाश पंक्षी, देवेंद्र कुमार गुड्डू, हमीदुल्लाह चौधरी, राजन श्रीवास्तव, रंजना मिश्रा, इनामुर्रहमान, केबी सिंह, अनिल सिंह अन्नू, पंकज पांडेय, जुबैर खान आदि मौजूद रहे।
आसिम ने किया क्षेत्र का नाम रोशन
नीट में मोहम्मद आसिम ने प्राप्त की 5249वीं रैंक
शिक्षक नेता मुस्तन शेरुल्लाह ने किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत पल्टादेवी टोला नारायनपुर निवासी डॉ. फौजदार अहमद खान के बेटे मो. आसिम खान ने नीट वर्ष 2020 में पहले प्रयास में ऑल इंडिया रैंक में 5249वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। रविवार को शिक्षक नेता मुस्तन शेरुल्लाह ने छात्र मोहम्मद आसिम खान को सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुस्तन शेरुल्लाह ने कहा कि गांव के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। बस उन्हें जरूरत है सही समय पर बेहतर मंच की। जिसे गांव में पले-बढ़े छात्र मोहम्मद आसिम ने चरितार्थ कर दिखाया है। जो ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि मो. आसिम ने प्राथमिक शिक्षा गांव में हासिल की। हाईस्कूल की परीक्षा आरसीजीआईसी पिपरा भड़ेहर और इंटर की परीक्षा अमीरुद्दौला इस्लामिया इंटर कॉलेज लखनऊ से प्रथम श्रेणी अच्छे अंकों में उत्तीर्ण की। इस दौरान छात्र मोहम्मद आसिम खान को सुरेंद्र गुप्ता, अब्दुल मजीद, निसार अहमद, छोटन महतो, मुख्तार अहमद, गुजई, बिरजिस सिकंदर, सुनील गुप्ता, मो. रफीक, अहमद अली, डॉ. पंकज चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, डॉ. नसीम अहमद, डॉ. चंद्रेश उपाध्याय, डॉ. किशन राज पटेल एवं उनकी दादी रूम्मान खातून, माता जरीना खातूूून, भाई मोहम्मद आमिर, बहन शमा परवीन ने बधाई दी। आसिम ने कहा कि जनता की सेवा मेडिकल क्षेत्र में करने की इच्छा है।