त्रिलोकपुर पुलिस की गिरफ्त में महिला आरोपी। पुलिस
सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के उज्जैनिया गांव में 25 जनवरी की शाम अपने ही खेत में मृत मिले बृजभान की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि आरोपी इंद्रावती से बृजभान के आठ वर्ष से घनिष्टता थी।
इलाज के पैसे को लेकर फोन पर दोनों में गाली-गलौज हुई। इसके कुछ ही देर बाद शराब पीकर घर लौट रहे बृजभान का उसके ही खेत के पास आरोपी इंद्रावती से सामना हो गया।
एसओ चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि गुस्से में उसने कुत्तों से बचाव के लिए हाथ में लिए डंडे से बृजभान पर वार कर दिया, जिससे वह गिर पड़ा और कान से अत्यधिक रक्तस्राव की वजह से उसकी मौत हो गई। गिरफ्तार की गई आरोपी इंद्रावती ने पुलिस को बताया कि वह घबराकर उसे वहीं छोड़कर भाग निकली। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने बृजभान का शव उसके ही खेत में पड़ा देखा। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद कर ली है।
थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि वारदात से एक दिन पहले मृत बृजभान का आरोपी महिला इंद्रावती से फोन पर विवाद हुआ था। 25 जनवरी की शाम बृजभान शराब के नशे में महिला के घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान उज्जैनिया गांव में बृजभान के खेत के नजदीक दोनों में विवाद हो गया। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि गुस्से में आकर महिला ने हाथ में पकड़ी लाठी से बृजभान के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार कान के पास लगा, जिससे गहरी चोट आई। अधिक रक्तस्राव के कारण बृजभान की मौत हो गई।