संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। भवानीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला के साथ दुआ और ताबीज के नाम पर नशीला पदार्थ पिलाकर यौन उत्पीड़न करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है।
यह चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब एक पीड़िता ने आपबीती साझा की। इसके बाद तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपनी खराब तबीयत के चलते भवानीगंज थाना अंतर्गत धनखरपुर स्थित एक बाबा की मजार पर जाती थी। जहां मार्च 2025 को दुआ-ताबीज करने वाले मसीउद्दीन उर्फ पप्पू और सज्जू निवासी धनखरपुर, थाना भवनीगंज ने उसे परी साये का डर दिखाकर नशीला पानी पिला दिया।
पानी पीते ही वह बेहोश हो गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने उसका यौन उत्पीड़न किया और उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। होश में आने पर पीड़िता ने जब अपनी स्थिति देखी और रोने लगी, तो पप्पू और सज्जू ने उसे वीडियो दिखाया और धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वे वीडियो वायरल कर देंगे।
उन्होंने पीड़िता को बताया कि वे इसी तरह कई और महिलाओं का यौन शोषण कर चुके हैं। उनसे पैसे भी ऐंठ रहे हैं। तब से आरोपी पीड़िता को बार-बार मजार पर बुलाकर यौन उत्पीड़न कर रहे थे और वीडियो डिलीट करने के एवज में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। शिकायत के अनुसार 13 मई 2025 को पप्पू और सज्जू ने पीड़िता को रात करीब 9:00 बजे मजार पर बुलाया और उसे बाइक पर बैठाकर सिलोखरा चौराहा स्थित अब्दुल रहमान की लकड़ी की टाल पर ले गए। वहां पप्पू और सज्जू के साथ-साथ टाल मालिक अब्दुल रहमान ने भी यौन उत्पीड़न किया।
पीड़िता ने स्थानीय थाना भवनीगंज में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को बुलाकर थोड़ी देर बाद छोड़ दिया और पीड़िता से कहा कि वे बाद में कार्रवाई करेंगे। पीड़िता का कहना है कि तब से आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, और आरोपी उसे ब्लैकमेल कर रहे हैं तथा दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। यह मामला तब और गंभीर हो जाता है जब पीड़िता बताती है कि वह एक गरीब और अशिक्षित महिला है, और उसने स्थानीय थाने के साथ-साथ उच्चाधिकारियों से भी कई बार शिकायत की, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब, पुलिस महानिदेशक को एक पत्र भेजकर पीड़िता ने मसीउद्दीन उर्फ पप्पू, सज्जू और अब्दुल रहमान के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
इसके निर्देश के क्रम में पुलिस सुसंगत धारा में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।